कटनी में दर्दनाक हादसा: सड़क निर्माण के लिये डंप की गई मुरुम में दबकर 2 महिलाओं की मौत

कटनी। रीठी थाना अंतर्गत ग्राम सिमरा में आज दोपहर सड़क किनारे डंप की गई मुरुम में दबकर दो महिलाओंं की मौत हो गई।
दरअसल ये दोनों महिलाएं यहां पेड़ के नीचे छांव में बैठी थीं तभी यहीं पर डंप की गई मुरुम का बड़ा सा टीला भसक गया और दोनों महिला उसकी चपेट में आ गईं। जिनकी घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
बताया जाता कि यहां सड़क निर्माण ठेकेदार द्वारा यह मुरुम को डंप कराया गया है। इसी के करीब दोनो महिला बैठीं थीं, उसी समय अचानक मुरुम भसक गई और इसके चपेट में उक्त महिलाए आ गईं । दोनो महिला पन्ना जिले के शाहनगर की निवासी हैं।
मिली जानकारी के अनुसार सड़क किनारे भराव के लिये एक निजी कम्पनी “बंसल” के द्वारा सिमरा गांव में सड़क किनारे मुरुम डंप (स्टॉक) कराई गई है।
आज दोपहर मजदूरी कर अन्य मजदूरो के साथ शाहनगर निवासी महिला श्रमिक सोना बाई तथा जानकी बाई यहां से निकल रहीं थीं। कुछ देर सुस्ताने के लिये यहाँ बैठ गईं, उन्हें क्या मालूम था मौत उनका इंतजार कर रही है।
जैसे ही यह यहां बैठीं तभी अचानक यह हादसा घटित हुआ। मुरम में दबीं दोनो महिलाओं को जब तक बाहर निकाला जाता तब तक काफी देर हो चुकी थी। दोनो ने दम तोड़ दिया।
आसपास के लोग तथा अन्य श्रमिकों ने मसक्कत के बाद दोनों महिलाओं का शव मुरुम से बाहर निकाला।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। उधर लोगों ने आरोप लगाया कि कंपनी के द्वारा कई जगह इस तरह मुरुम डंप कराकर रखी गई है जिससे दुर्घटना घटने के अन्देशा पहले ही जताया गया है। कुछ लोगों ने तो यह भी आरोप लगाया कि मुरुम अवैध उत्खनन कर स्टॉक की गई है। बहरहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।