Latest

सागर में खुलेगा राज्य स्तरीय विश्वविद्यालय : मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने की सागर प्रवास के दौरान बड़ी घोषणा

विधायक शैलेंद्र जैन की मांग को मिला मंत्री गोविंद राजपूत का खुला समर्थन

सागर । जन आभार सभा को संबोधित करने यहां पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने उस समय तालियों की जोरदार गड़गड़ाहट बटोर लीं जब उन्होंने कहा कि सागर में इस वर्ष जून से राज्य स्तरीय विश्वविद्यालय शुरू किया जाएगा। जिसका सत्र भी इसी वर्ष प्रारंभ किया जाएगा।

दर असल उन्होंने यह घोषणा तब की जब 4 बार के विधायक शैलेंद्र जैन ने अपने संबोधन में कहा कि लंबे समय से यहां की जन भावना है कि उच्च शिक्षा के लिए नया राज्य विवि खोला जाए। उनकी इस बात का समर्थन करते हुए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने भी मुख्यमंत्री से यह मांग कर डाली।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि डॉ. हरिसिंह गौर ने सागर को विश्वविद्यालय के रूप में तब ऐसी सौगात दी थी जब इतना बड़ा शिक्षा का केंद्र बनाने की कल्पना भी न की जा सकती थी। लेकिन केंद्रीय विवि बनने के बाद एक नए राज्य विवि की जरूरत को उनकी सरकार पूरा करने जा रही है। उन्होंने बुंदेलखंड में रोजगार के नए अवसर के लिए बुंदेलखंड पैकेज की भी घोषणा की जिसके माध्यम से युवाओं और बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा।

उन्होंने कहा कि सागर में सड़कों के जीर्णोध्दार के लिए भी 25 करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी तथा सड़कों के सुधार के लिए जिम्मेदार कंपनी से राशि भी वसूली जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विशाल जन समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि आज समूचे भारत में उत्सव, त्यौहार का माहौल है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश फिर एक बार दिवाली मना रहा है। उन्होंने कहा कि 22 तारीख का दिन इतिहास में अमर हो जाएगा। डॉ. सर हरि सिंह गौर की यह धरती त्याग, बलिदान और कर्तव्य परायणता के विशेषणों से जानी जाती है।

सागर विधायक श्री शैलेंद्र जैन ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज बुंदेलखंड का सौभाग्य है कि इस धरा पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का अभूतपूर्व स्वागत-अभिनंदन किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव पहले भी सागर में उच्च शिक्षा मंत्री के रूप में कई बार दौरे कर चुके हैं। उन्होंने राज्य स्तरीय विश्वविद्यालय तथा सड़कों के जीर्णोद्धार के लिए 25 करोड़ रुपए की राशि आवंटित करने की मांग रखी।

खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में सागर के हजारों नौजवान साथियों की राज्य स्तरीय विश्वविद्यालय की मांग को साकार रूप मिल सकेगा। राजपूत ने कहा कि यह मुख्यमंत्री डॉ. यादव की दूरदृष्टि का ही परिणाम है जो कुछ दिन पहले हुई कैबिनेट मीटिंग में उन्होंने मध्य प्रदेश के हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोले जाने की भावना व्यक्त की। इसके साथ ही उन्होंने बुंदेलखंड, बघेलखंड में भी उद्योगों की स्थापना की बात रखी। उन्होंने कहा कि एक जमाने में सागर को कस्बा माना जाता था, पर आज सागर अपने विकास कार्यों के लिए भी जाना जाता है।

Back to top button