MP Election MP में इस बार महिलाओं का मतदान प्रतिशत 74.03 से दो प्रतिशत बढ़कर 76.03 हो गया। 34 विधानसभा क्षेत्रों में महिलाओं ने पुरुषों की तुलना में अधिक मतदान किया लेकिन जिन 20 सीटों पर महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों के मुकाबले अधिक थी, वहां 17 सीटों पर पुरुषों ने मताधिकार का उपयोग अधिक किया।
ज्ञात हो प्रदेश का विधानसभा चुनाव लाड़ली बहना, सस्ता रसोई गैस सिलेंडर देने सहित अन्य योजनाओं को आगे रखकर लड़ा गया था। 230 सदस्यीय विधानसभा में 20 सीटें ऐसी हैं, जहां महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों की तुलना में अधिक है लेकिन मतदान में पुरुष आगे रहे हैं।
केवल निवास, बैहर और परसवाड़ा सीट ही ऐसी रहीं, जहां पुरुषों की तुलना में महिलाओं का मतदान प्रतिशत अधिक रहा है। जिले के हिसाब से देखें तो भी यही स्थिति निकलकर आती है। प्रदेश के बड़वानी, रतलाम, झाबुआ, आलीराजपुर, मंडला, डिंडौरी और बालाघाट जिले में महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है।
पिछले चुनाव में मंडला, बैहर, परसवाड़ा, बालाघाट, वारासिवनी और कटंगी में महिला मतदान अधिक रहा था लेकिन इस बार ऐसी सीटों की संख्या घटकर तीन रह गई। निवास में 82.05, बैहर में 85.77 और परसवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में 86.98 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान कर बढ़त बनाई।
शहपुरा 81.92, डिंडौरी 82.81, बिछिया 82.05, मंडला 82.05, बालाघाट 83.55, वारासिवनी 85.25, कटंगी 86.29, रतलाम सिटी 71.39, सैलाना 88.77, जावरा 82.85, सेंधवा 75.04, पानसेमल 75.56, आलीराजपुर 64.74, जोबट 52.49, झाबुआ 64.46, थांदला 86.02 और पेटलावद विधानसभा में 78.48 प्रतिशत महिला मतदान रहा, जो पुरुषों की तुलना में कम है।
मतदान को लेकर विश्लेषण होगा
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने बाद मतदान को लेकर विश्लेषण कराया जाएगा और फिर लोकसभा चुनाव के लिए तैयारी की जाएगी। इस बाद भी जिन क्षेत्रों में राज्य के औसत मतदान से कम मतदान रहा था, उन्हें चिन्हित करके जागरुकता का काम किया गया।
भाजपा और कांग्रेस ने किया था फोकस, लाड़ली चर्चा में
चुनाव में भाजपा और कांग्रेस ने महिलाओं पर सर्वाधिक फोकस किया था।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रत्येक सभा में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना को केंद्र में रखकर प्रचार किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी भाजपा सरकार की महिला सशक्तीकरण की इस योजना की बात प्रमुखता से रखी। उधर, कांग्रेस ने भी प्रचार में महिलाओं को केंद्र में रखा।
कांग्रेस में महिला गारंटी का उल्लेख
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने महिलाओं को दी गई गारंटियों का प्रमुखता से उल्लेख किया। यही कारण है कि भाजपा ने 28 और कांग्रेस ने 30 महिला उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे। प्रदेश में 2,71,99,586 महिला मतदाता हैं।