Breaking
14 Mar 2025, Fri

Monsoon Update: मप्र में सामान्य से 7 फीसदी कम बारिश, अगले 3-4 दिनों में होगी कमी पूरी

...

Monsoon Update: मप्र में सामान्य से 7 फीसदी कम बारिश… हुई है लेकिन अगले कुछ दिन में भारी बारिश की सम्भावना है। मानसून द्रोणिका भी मध्य प्रदेश से होकर गुजर रही है। इसके अतिरिक्त अलग-अलग स्थानों पर चार अन्य मौसम प्रणालियां भी सक्रिय हैं। इनके प्रभाव से प्रदेश में कई स्थानों पर भारी वर्षा हो रही है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, प्रदेश के अधिकतर जिलों में रुक-रुक कर वर्षा होने का सिलसिला बना रहेगा। सोमवार को रीवा, जबलपुर, शहडोल संभाग के जिलों में भारी वर्षा होने की संभावना है। भोपाल, नर्मदापुरम, सागर एवं इंदौर संभाग के जिलों में मध्यम वर्षा हो सकती है। शेष क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं।

जानकारी के मुताबिक कम दबाव का क्षेत्र वर्तमान में ओडिशा एवं उससे लगे छत्तीसगढ़ के आसपास बना हुआ है। मानसून द्रोणिका जैसलमेर, कोटा, गुना, मंडला, रायपुर, पुरी से होने हुए कम दबाव के क्षेत्र तक बनी हुई है। पाकिस्तान के आसपास पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है।

सौराष्ट्र के ऊपर चक्रवात मौजूद

सौराष्ट्र पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात मौजूद है। उत्तर-पूर्वी राजस्थान पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। गुजरात से केरल तक अपतटीय द्रोणिका बनी हुई है। महाराष्ट्र के आसपास विपरीत हवाओं का सम्मिलन (शियर जोन) भी बना हुआ है।

 

By Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम