Latest

775 करोड़ की लागत से विकसित होगा मां शारदा लोक, प्रस्तावित कॉन्सेप्ट प्लान से बदल जाएगी मैहर की तस्वीर

सतना/कटनी। मैहर के प्रस्तावित मां शारदा लोक का कॉन्सेप्ट प्लान तैयार हो गया है। यह कान्सेप्ट प्लान तीन जोन में विभाजित किया गया है। जिसे तीन अलग-अलग चरणों में पूरा किया जाएगा। जोन 1 के हिस्से में मां शारदा मंदिर सहित त्रिकूट पर्वत का विकास और सौंदर्यीकरण शामिल है। इसके लिए लगभग 59 करोड़ रुपए प्रस्तावित किए गए हैं। जोन टू में त्रिकूट पर्वत से नीचे का मंदिर परिक्षेत्र का हिस्सा शामिल किया गया है जो बरगी कैनाल तक जाएगा। जोन 2 मां शारदा लोक का मुख्य आकर्षण होगा। इसे वीणा मार्ग नाम दिया गया है और इसे वीणा की तरह तैयार किया जाएगा। त्रिकूट पर्वत के ऊपर से देखने पर यह मां सरस्वती के वाद्ययंत्र वीणा की तरह दिखाई देगा। जोन 2 के कार्यों के लिए लगभग 242 करोड़ रुपए का प्रस्ताव रखा गया है। नहर के आगे का हिस्सा जोन 3 में शामिल किया गया है, यह कामर्शियल जोन होगा। इसे पीपीपी मॉडल या बीओटी मोड में तैयार किया जाएगा। इसके लिए 318 करोड़ रुपए के कार्य प्रस्तावित किये गए हैं। इस तरह संपूर्ण मां शारदा लोक के लिए लगभग 620 करोड़ रुपए का प्लान तैयार किया गया है। हालांकि अभी ये कॉन्सेप्ट प्लान है लिहाजा इसमें कुछ बदलाव सुझावों के आधार पर संभावित हैं। मैहर जिला निर्माण के बाद मैहर वासियों का ड्रीम प्रोजेक्ट मां शारदा लोक कुछ हद तक अपने आकार में आ चुका है। इसका कॉन्सेप्ट प्लान तैयार कर लिया गया है। इस प्लान को शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखा जाएगा और उनके सुझावों के आधार पर इसमें आवश्यक संशोधन के बाद इस प्लान को अंतिम रूप दिया जाएगा।

इस तरह होगा जोन एक

जोन 1 में मंदिर परिसर, मंदिर मार्ग, सीढ़ी मार्ग, रोपवे, परिक्रमा मार्ग, आल्हा-ऊदल अखाड़ा, कॉम्पलेक्स, तालण दूल्हा देव मंदिर और बावली शामिल की गई है। पहले चरण में इन सभी क्षेत्रों का विकास और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। यहां पर यात्री सुविधाएं बढ़ाई जाएगी और मार्ग आसान किया जाएगा। मंदिर परिसर को मूल स्वरूप में रखते हुए यहां का आकर्षण और बढ़ाया जाएगा। पहाड़ी मार्ग पर आकर्षक व्यूइंग प्लेटफार्म बनाए जाएंगे। शेष स्थल को धार्मिक पर्यटक स्थल की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। परिक्रमा मार्ग को आकर्षक तरीके से साइड वाल के साथ तैयार किया जाएगा।

जोन-2 इस तरह होगा विकसित

जोन-2 मां शारदा लोक का मुख्य आकर्षण का केन्द्र होगा। इसे वीणा मार्ग का नाम दिया गया है। इस जोन को मां सरस्वती के वाद्ययंत्र वीणा की तर्ज पर तैयार किया जाएगा। इसके लिए तीन आकर्षक द्वारा मयूर द्वार, हंस वाहिनी द्वार और कमल द्वार बनाए जाएंगे। ये द्वारा अपने नाम की तरह ही नजर आएंगे। इस थीम आधारित क्षेत्र में वीणा मार्ग, छायादार रास्ते, प्रतीक्षालय, भूदृश्य क्षेत्र, मैला मैदान, दुकानें, सड़क नेटवर्क, वाहन और गैर वाहन पथ, पैदल यात्री मार्ग, धर्मशालाएं, एकीकृत गतिविधियां, कथा भवन, सत्संग भवन, अन्नकूट, मुंडन भवन सहित सार्वजनिक सुविधाएं और सेवाएं विकसित की जाएंगी। इसी जोन में मॉ के विभिन्न स्वरूपों को प्रदर्शित करने वाली प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी। इस जोन को विभिन्न थीम के फूलों और लताओं से आच्छादित किया जाएगा।

इस तरह विकसित होगा जोन-3

जोन थ्री को प्रवेश क्षेत्र या बफर क्षेत्र के रूप में तेैयार किया जाएगा। इसमें पार्क और वन, शॉपिंग कॉम्पलेक्स, वाहनों के लिए सड़क, पैदल यात्री मार्ग, बस स्टैण्ड, हरित पट्टी, ध्यान और योग पार्क, सार्वजनिक सुविधाएं, धर्मशालाएं, समारोहों और सेवाओं के लिए खुले क्षेत्र विकसित किए जाएंगे।

मुख्य आकर्षण का केन्द्र होगी सेन्ट्रल रोड

मां शारदा लोक के लिए रोड का नया नेटवर्क तैयार किया जाएगा। इसे 5 हिस्सों में बांटा गया है। जोन 3 के हिस्से की सड़क को सेन्ट्रल रोड नाम दिया गया है। यह 1.2 किमी लंबी होगी। 32 मीटर चौड़ी रोड के दोनों और आकर्षक सौन्दर्यीकरण किया जाएगा और यात्री सुविधाएं भी तैयार की जाएंगी। इसके बगल में 0.7 किमी सर्विस लेन तैयार की जाएगी। मैहर पहाड़ी के लिए 4 किलोमीटर के मौजूदा मार्ग को और व्यवस्थित, सुरक्षित और सुन्दर किया जाएगा। इसके अलावा 4 किलोमीटर लंबा परिक्रमा पथ तैयार किया जाएगा। जिसके दोनों और विभिन्न सुविधाओं के साथ पर्यटन दृष्टि से सौंदर्यीकृत किया जाएगा।

इनका कहना है

मां शारदा की पवित्र नगरी मैहर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की प्राथमिकता में है। मां शारदा लोक का कॉन्सेप्ट प्लान तैयार हो गया है। मां शारदा लोक मैहर का परिदृश्य बदल देगा और यह वैश्विक धार्मिक पर्यटन स्थल में शामिल हो जाएगा। कल्पना लोक की तरह इसे तैयार किया जाएगा।-श्रीकांत चतुर्वेदी, विधायक मैहर

 

Back to top button