Breaking
14 Mar 2025, Fri

Lockdown में शर्मसार भोपाल ,दृष्टिहीन महिला बैंक मैनेजर से आधी रात घर में घुसकर ज्यादती

...

भोपाल । राजधानी के शाहपुरा इलाके में शुक्रवार की रात दृष्टिहीन महिला बैंक मैनेजर से अज्ञात व्यक्ति ने बलात्कार किया। आरोपी बालकनी के रास्ते घर में घुसा था। घटना के बाद मुख्य द्वार से भाग गया। पीड़ित महिला और उनके पड़ोसियों के दरवाजे बाहर से बंद कर गया। शनिवार सुबह पुलिस ने दरवाजे खोले। पीड़ित घर में अकेली थी। परिवार के सदस्य राजस्थान गए थे। लॉकडाउन की वजह से भोपाल नहीं लौट पाए।
एसडीओपी अनिल त्रिपाठी के मुताबिक, 53 साल की दृष्टिहीन महिला बैंक मैनेजर हैं। वे अपार्टमेंट की दूसरी मंजिल पर रहती हैं। महिला ने पुलिस को बताया कि उनके पति 3 मार्च को अपने पैतृक घर राजस्थान गए थे जो लाॅकडाउन के कारण वहीं फंस गए हैं। गुरुवार की रात गर्मी के कारण नींद नहीं आ रही थी, इसलिए बालकनी का दरवाजा खोल रखा था। लगभग चार बजे अचानक से एक व्यक्ति बालकनी के रास्ते घर में घुस आया। उसने जान से मारने की धमकी देकर ज्यादती की और भाग गया।
घर के दरवाजे बंद होने से कोई मदद नहीं कर पाया
घटना के बाद महिला ने जब दरवाजा खोलने की कोशिश की तो बदमाश उसे बाहर से बंद कर गया था। पड़ोसियों को मदद के लिए बुलाया, लेकिन उनके दरवाजे भी बाहर से बंद थे। इसके बाद पड़ोसी ने डायल-100 को फोन किया तो पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजे खोले। एसडीओपी त्रिपाठी का कहना है कि महिला ने तीन साल पहले शादी की है, पति भी दृष्टिहीन हैं। महिला खुद ही घर का सारा काम करती हैं। साथ ही बैंक भी खुद आना-जाना करती हैं। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है।

 

By Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम