भोपाल। शहीद हेमंत करकरे की शहादत को लेकर बयान से सुर्खियों में आने के बीच लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने भोपाल से भाजपा की लोकसभा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा भी मौजूद थे। सुमित्रा ताई ने साध्वी को शुभकामनाएं दी। इस दौरान सुमित्रा ताई ने हेमंत करकरे को लेकर दिये बयान पर स्पष्टीकरण भी दिया। हालांकि पूर्व सीएम उमा भारती के बाद सुमित्रा ताई की साध्वी प्रज्ञा से मुलाकात के सियासी मायने निकाले जा रहे हैं।
बता दें कि सुमित्रा ताई अस्वस्थ चल रहे पार्टी के वरिष्ठ नेता कैलाश जोशी, बाबूलाल गौर और कैलाश जैन को देखने भोपाल आईं थी। इस दौरान वे पार्टी कार्यालय पहुंची जहां उनकी मुलाकात साध्वी प्रज्ञा सिंह से हुई। इस दौरान वे बेहद गर्मजोशी से साध्वी प्रज्ञा से मिलीं। सुमित्रा ताई ने बताया कि साध्वी प्रज्ञा पूर्व में ABVP में रहीं। उस दौरान उनसे भोपाल में मुलाकात हुई और इंदौर में भी उनसे कई बार मुलाकात हुई। इस नाते उन्होंने साध्वी प्रज्ञा को शुभकामनाएं हैं।