ग्वालियर। महिला सशक्तिकरण का संदेश देने के लिए ग्वालियर की 6 विधानसभाओं में अब 6 नहीं 84 पिंक बूथ बनाए जाएंगे। पहले हर विधानसभा में एक-एक पिंक बूथ बनाने की तैयारी की जा रही थी,लेकिन अब हर विधानसभा में 14-14 पिंक बूथ बनाए जाएंगे। इसको लेकर तैयारी शुरु कर दी गई है। महिला सशक्तिकरण की दिशा में ग्वालियर जिले में यह बड़ा और साहसिक प्रयोग होगा। इसके पीछे वजह यह कि भारत निर्वाचन आयोग ने ग्वालियर की 6 विधानसभाओं को कम्युनल,कास्ट और डकैती तीन फैक्टरों में बांटा है। ओवरऑल चुनाव टेंशन से कम नहीं हैं।
विधानसभा निर्वाचन-2018 में इस बार महिला सशक्तिकरण और दिव्यांग वोटर्स पर भी विशेष फोकस किया जा रहा है। अधिक से अधिक वोटिंग प्रतिशत बढ़ाने के लिए यह प्रयोग किए जा रहे हैं। पहले विधानसभा चुनावों में हर विधानसभा में एक-एक पिंक बूथ बनाने का प्रस्ताव रखा गया था,अब इनकी संख्या बढ़ा दी गई है। वहीं हर विधानसभा में भी एक-एक दिव्यांग बूथ बनाया जाएगा। इसमें पूरा स्टाफ दिव्यांग रहेगा।
क्या है पिंक बूथ
पिंक बूथ में पूरा स्टाफ महिलाओं का रखेगा। इसमें पीठासीन अधिकारी महिला रहेगी। इसके बाद पी-1,पी-2 और पी-3 सहित सुरक्षा बल भी महिलाओं का ही होगा। पिंक बूथ को अलग से कोड भी किया जाएगा जिससे लोगों को यह पता चल सके कि यह पिंक बूथ है।
मतदान दल में 3500 महिला,400 पिंक बूथ पर
इस बार जिले में विधानसभा चुनाव कराने वाले मतदान दलों में 3500 करीब महिलाएं रहेंगी। इसमें से 400 महिलाएं 84 पिंक बूथ पर तैनात की जाएंगी। इनमें अधिकतर उन महिलाओं को मतदान दलों की डयूटी में शामिल किया गया है जिन्होने पहले भी विधानसभा चुनाव डयूटी की है।
टेंशन के चुनाव क्यों
भारत निर्वाचन आयोग ने हाल ही में ग्वालियर की विधानसभाओं को तीन कैटेगरी में बांटा है। इसमें जातिगत फैक्टर में इसबार ग्वालियर ग्रामीण, ग्वालियर पूर्व और डबरा को शामिल किया है। वहीं सांप्रदायिक फैक्टर में ग्वालियर विधानसभा को शामिल किया गया है। डकैती फैक्टर में ग्वालियर ग्रामीण विधानसभा और भितरवार विधानसभा शामिल है। इन तीन फैक्टरों को दृष्टिगत रखते हुए चुनाव के इंतजाम किए जा रहे हैं।
84 पिंक बूथ बनाने की तैयारी
महिला सशक्तिकरण का संदेश देने के लिए इस बार पिंक बूथ बनाए जा रहे हैं। पहले हर विधानसभा में एक-एक पिंक बूथ का प्रस्ताव था लेकिन अब हर विधानसभा में 14 पिंक बूथ बनाने की तैयारी की जा रही है – आरके पांडेय, उप जिला निर्वाचन अधिकारी,ग्वालियर